उज्जैन।* महाकाल के दर्शन के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं, और इसी आस्था को कुछ लोगों ने कमाई का धंधा बना लिया था।
सोशल मीडिया पर एक रील घूम रही थी - _"भस्म आरती की कन्फर्म बुकिंग करानी हो तो इस नंबर पर संपर्क करो"_
बस यही रील महाकाल थाना पुलिस तक पहुंची और पूरा जाल खुल गया।
*पहला शिकार, फिर शिकारी बन गया*
पुलिस ने सबसे पहले गाजियाबाद से निशांत शर्मा को पकड़ा।
निशांत खुद 3 महीने पहले उज्जैन दर्शन करने आया था। भस्म आरती का पास नहीं मिला, तो लाइन में ही एक अनजान शख्स ने उसे पकड़ लिया - _"1000 रुपए दो, दर्शन करा देता हूं"_
निशांत ने 1000 दिए, दर्शन किए।
इसके बाद उसी शख्स ने नया ऑफर दिया - _"तुम अपनी ID से रील डाल दो, जो भी कॉल करेगा उसे हमारा नंबर दे देना। हर बुकिंग पर तुम्हें कमीशन मिलेगा।"_
निशांत लालच में आ गया। उसने अपने ही नंबर से रील डाल दी।
*रील वायरल हुई, तो पैसों की बारिश शुरू हो गई*
रील देखने के बाद श्रद्धालु निशांत को कॉल करने लगे।
एक अकेला आदमी होता तो 5000 रुपए, 2 से ज्यादा लोग होते तो 2000 से 5000 प्रति व्यक्ति। जितने में ग्राहक फंस जाए, उतने में सौदा पक्का।
मजे की बात ये है कि श्रद्धालु पैसा भेजते थे, लेकिन पैसा निशांत के खाते में जाता ही नहीं था। पैसा सीधे गिरोह के मुख्य लोगों के खाते में जा रहा था। निशांत को सिर्फ कमीशन का झांसा दिया गया था।
*एक गिरफ्तारी से खुली दूसरी परत*
निशांत से पूछताछ हुई तो उसने रतलाम वाले साथी का नाम उगल दिया - स्वराज पंवार।
सोमवार को पुलिस रतलाम पहुंची और स्वराज को भी उठा लाई।
स्वराज ने पूछताछ में माना कि वो 12 लोगों से 1500-1500 रुपए लेकर भस्म आरती करा चुका है, और 4 लोगों से 20 हजार रुपए लेकर चांदी द्वार से दर्शन कराने का सौदा भी किया था।
*असली खेल तत्काल वाला है*
पुलिस को शक है कि ये गिरोह रेलवे के तत्काल टिकट की तरह काम करता है।
जैसे ही मंदिर समिति की वेबसाइट पर बुकिंग खुलती है, इनके साइबर एक्सपर्ट कंप्यूटर-मोबाइल से एक साथ लॉट में सारी बुकिंग उड़ा लेते हैं।
आम श्रद्धालु को बुकिंग मिलती नहीं, वो परेशान होकर दलालों के पास जाता है, और दलाल उसी मजबूरी को कैश करते हैं।
*पुलिस अब किसे ढूंढ रही है?*
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल का कहना है कि ये पूरा सिंडिकेट है। अभी मुख्य सरगना बाहर है। पुलिस को शक है कि इसमें मंदिर के कुछ कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी भी मिले हुए हो सकते हैं। दोनों आरोपियों को 25 नवंबर तक रिमांड पर लिया गया है।
*ND LIVE की श्रद्धालुओं से अपील*
भस्म आरती में बैठकर दर्शन का आधिकारिक शुल्क सिर्फ *200 रुपए* है। मंदिर समिति कभी भी इंस्टाग्राम, फेसबुक, रील या व्हाट्सएप पर बुकिंग का विज्ञापन नहीं करती।
अगर कोई आपको रील दिखाकर 1000, 2000, 5000 में बुकिंग का झांसा दे, तो समझ जाओ वो दलाल है। सीधे मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट से ही बुकिंग करें।
*- ND LIVE, उज्जैन*
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!