उज्जैन।* हामूखेड़ी में छोटी दीपावली पर आयोजित पाड़ों की लड़ाई में 8 वर्षीय युवराज की मौत ने एक बार फिर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। क्योंकि पाड़ों की लड़ाई पर पहले से ही प्रतिबंध लगा हुआ है। इसके बावजूद हर साल दीपावली पर इस तरह के आयोजन धड़ल्ले से हो रहे हैं।
*प्रतिबंध के बाद भी नहीं रुके आयोजन*
जानकारी के अनुसार पाड़ों की लड़ाई को लेकर पहले भी पुलिस में प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। कार्रवाई के दावे भी किए गए थे। लेकिन जमीनी हकीकत ये है कि प्रतिबंध सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गया। इस बार भी हामूखेड़ी में खुलेआम पाड़ों की लड़ाई का आयोजन हुआ। हजारों की भीड़ जुटी। ना तो पर्याप्त पुलिस बल था, ना ही सुरक्षा के इंतजाम। और इसी लापरवाही की कीमत 8 साल के मासूम युवराज को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
पिता के सामने हुआ हादसा
* युवराज अपने पिता के साथ लड़ाई देखने पहुंचा था। लड़ाई के दौरान एक पाड़ा बेकाबू हो गया और उसने मासूम पर हमला कर दिया। पिता देखते रह गए और अपने बेटे को बचा नहीं पाए। मौके पर ही युवराज की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री का गृह नगर है उज्जैन, फिर भी लापरवाही
सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि उज्जैन खुद मुख्यमंत्री का गृह नगर है। मुख्यमंत्री यहीं के निवासी हैं। इसके बावजूद उनके ही गृह नगर में पुलिस की नाक के नीचे प्रतिबंधित आयोजन हो रहा है और पुलिस इस तरह की लापरवाही बरत रही है। जब मुख्यमंत्री के गृह नगर में ही प्रतिबंध का पालन नहीं हो पा रहा, तो बाकी जिलों का हाल क्या होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
आखिर कौन जिम्मेदार........?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब पाड़ों की लड़ाई पर प्रतिबंध है और पहले प्रकरण भी दर्ज हो चुके हैं, तो फिर आयोजन कैसे हुआ? आयोजकों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं थी, या जानकर भी अनदेखी की गई? परिजनों और ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर समय पर सख्त कार्रवाई होती, तो आज एक मासूम जिंदा होता। पुलिस ने इस मामले में भी जांच शुरू कर दी है।
- K B Singh Rajawat - NDLive*
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!